Ticker

6/recent/ticker-posts

“नशा मुक्त समाज निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण : डॉ. मनोज कुमार”

रांची, 31 मई 2026।

विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर 4/3-मारवाड़ी महाविद्यालय एन.सी.सी. कंपनी द्वारा समादेशी पदाधिकारी, 3 झारखंड बटालियन एन.सी.सी. एवं प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार की अनुमति से जागरूकता रैली एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्वाह्न 9:30 बजे मारवाड़ी महाविद्यालय, रांची से हुआ। जागरूकता रैली महाविद्यालय के पुरुष प्रभाग से निकलकर महिला प्रभाग, कोतवाली थाना, शहीद चौक होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक तक पहुंची। रैली के दौरान एनसीसी कैडेटों ने नारों एवं संदेशों के माध्यम से लोगों को तंबाकू एवं नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। इसके पश्चात महाविद्यालय के जे.सी. सभागार में संगोष्ठी आयोजित की गई।

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार ने कहा कि तंबाकू और नशापान व्यक्ति, समाज, राज्य, राष्ट्र एवं पूरे विश्व के विनाश का साधन है। उन्होंने सभी से स्वयं नशा मुक्त रहने तथा दूसरों को भी नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जो लोग नशा छोड़ना चाहते हैं, उन्हें महाविद्यालय परिवार एवं सहयोगी संस्थाओं के माध्यम से हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।

मुख्य अतिथि डॉ. बैद्यनाथ कुमार ने कहा कि एनसीसी कैडेट समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक हैं। खाकी वर्दी पहनकर नशामुक्त समाज और राष्ट्र के निर्माण के लिए किया जा रहा उनका प्रयास निश्चित रूप से सफल होगा।

विशिष्ट अतिथि डॉ. खातिर हेमरोम ने कहा कि एनसीसी द्वारा प्रतिवर्ष संचालित यह जन-जागरूकता अभियान समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

कार्यक्रम के संयोजक एवं एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर लेफ्टिनेंट डॉ. अवध बिहारी महतो ने स्वागत एवं धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा वर्ष 1987 से मनाया जा रहा विश्व तंबाकू निषेध दिवस लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि जन-जागरूकता के माध्यम से तंबाकू एवं नशे की प्रवृत्ति को काफी हद तक रोका जा सकता है।

इस अवसर पर कैडेट गुलाब कुमार, प्रदीप कुमार, विवेक कुमार, लक्षिता कश्यप एवं नंदिनी कुमारी ने भी नशे से होने वाली हानियों तथा नशामुक्ति के उपायों पर अपने विचार व्यक्त किए। प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में कैडेट रोहिता एक्का, अंजली तिग्गा, मनीता उरांव, सीमा कुमारी, अमित कुमार एवं अनमोल कुमार ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। गोष्ठी का सफल संचालन कैडेट लक्षिता कश्यप ने किया।

कार्यक्रम की सफलता में सार्जेंट अमित कुमार सिंह, कॉरपोरल कुमार शानू, लांस कॉरपोरल विशाल कुमार एवं कैडेट अभिषेक कुमार शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।