Ticker

6/recent/ticker-posts

एनसीसी रांची ग्रुप के 23 कैडेट शूटिंग चैंपियनशिप हेतु पटना रवाना



रांची, एनसीसी रांची ग्रुप के 23 चयनित कैडेट इंटर ग्रुप शूटिंग प्रतियोगिता (चैंपियनशिप) में भाग लेने के लिए 11 बिहार बटालियन, पटना के लिए रवाना हुए। ये कैडेट अब निदेशालय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए संबंधित बटालियनों का प्रतिनिधित्व करेंगे।

3 झारखंड सीटीसी, मेसरा रांची के कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल चंचल सिंह को टीम के समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जिसका उन्होंने सफलतापूर्वक निर्वहन किया। कैडेटों का चयन पूर्व में 3 झारखंड गर्ल्स बटालियन एनसीसी एवं 37 बटालियन एनसीसी द्वारा विभिन्न चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया था।

रांची रेलवे स्टेशन से टीम को अधिकारियों एवं आवश्यक हथियारों के साथ सुरक्षित रूप से रवाना किया गया। इस अवसर पर रांची ग्रुप के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर वी. एस. ठाकुर, सेना मेडल ने सभी कैडेटों को बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान 3 सीटीसी एनसीसी, मेसरा, रांची के ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट कर्नल चंचल सिंह, सूबेदार राजकुमार तथा विभिन्न बटालियनों के पीआई स्टाफ ने कैडेटों का उत्साहवर्धन किया। सभी प्रतिभागियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं एवं अल्पाहार की व्यवस्था सुनिश्चित की गई, ताकि वे प्रतियोगिता की तैयारी पूरे आत्मविश्वास के साथ कर सकें।

उल्लेखनीय है कि इस दल में मारवाड़ी महाविद्यालय, रांची का एक कैडेट भी शामिल है। रवाना होने के दौरान कैडेटों का जोश, अनुशासन, समर्पण और टीम भावना देखते ही बन रही थी, जिसने एनसीसी के मूल मंत्र "एकता और अनुशासन" को चरितार्थ किया।

अधिकारियों ने सभी चयनित कैडेटों को आगामी निदेशालय स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए देश और संस्था का नाम रोशन करने का आह्वान किया।