Ticker

6/recent/ticker-posts

केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने बिरहोर शब्दकोश के लिए लेखक देव कुमार को किया सम्मानित


रांची : झारखंड के प्रख्यात लेखक देव कुमार को उनकी अनूठी कृति “बिरहोर–हिन्दी–अंग्रेज़ी शब्दकोश” के लिए भारत सरकार के केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की ओर से विशेष सराहना प्राप्त हुई है।

यह सम्मान मंत्रालय के अधीन केंद्रीय भारतीय भाषा संस्थान (CIIL), मैसूरु द्वारा जारी पत्र के माध्यम से दिया गया। पत्र में उल्लेख है कि देव कुमार का शब्दकोश भारतवाणी पोर्टल (www.bharatavani.in) पर प्रकाशित किया गया है, जिसे बिरहोर जैसी विलुप्तप्राय जनजातीय भाषा को डिजिटल माध्यम पर संरक्षित करने की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है।
संस्थान ने यह भी बताया कि शब्दकोश और शब्दावलियों को प्राथमिकता के आधार पर डिजिटल सर्च योग्य रूप में परिवर्तित किया जाएगा, ताकि विद्यार्थी, शोधकर्ता और समाज व्यापक स्तर पर लाभान्वित हो सकें।
सम्मान प्राप्त करने पर लेखक देव कुमार ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा—
“यह केवल मेरी उपलब्धि नहीं है, बल्कि बिरहोर भाषा और संस्कृति की जीत है।”
विशेषज्ञ मानते हैं कि यह उपलब्धि झारखंड को जनजातीय भाषा संरक्षण का राष्ट्रीय मॉडल बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
गौरतलब है कि देव कुमार की दूसरी चर्चित कृति “मैं हूँ झारखण्ड” पहले से ही राज्य और देश भर के पाठकों के बीच लोकप्रिय है।