युवाओं को सकारात्मक सोच और मानसिक अनुशासन की दिशा देने वाली पुस्तक
रांची : चर्चित पुस्तक मैं हूँ झारखण्ड के लेखक देव कुमार की नवीन पुस्तक पावर ऑफ माइंडसेट प्रकाशित हो चुकी है। यह पुस्तक नई दिल्ली स्थित प्रतिष्ठित प्रकाशन संस्था प्रभात प्रकाशन द्वारा प्रकाशित की गई है।
यह पुस्तक विशेष रूप से युवाओं, विद्यार्थियों तथा जीवन में सकारात्मक सोच विकसित करने के इच्छुक पाठकों के लिए उपयोगी मानी जा रही है। पुस्तक में मानसिक शक्ति, एकाग्रता, आत्म-अनुशासन और जीवन में संतुलन जैसे विषयों को सरल एवं व्यावहारिक शैली में प्रस्तुत किया गया है, जिससे पाठक अपने विचारों को नियंत्रित कर लक्ष्य की ओर प्रभावी ढंग से अग्रसर हो सकें।
लेखक देव कुमार ने बताया कि यह पुस्तक अंग्रेज़ी भाषा में लिखी गई है, जिसमें एक सौ एक प्रेरक एवं व्यावहारिक पाठों के माध्यम से मन को शांत रखने, लक्ष्य पर केंद्रित रहने और सोच को सकारात्मक दिशा देने के उपाय बताए गए हैं। उन्होंने कहा कि पावर ऑफ माइंडसेट केवल प्रेरणा देने वाली पुस्तक नहीं है, बल्कि यह सोच को प्रशिक्षित करने और जीवन को बेहतर बनाने की एक व्यवहारिक मार्गदर्शिका है।
उल्लेखनीय है कि देव कुमार मैं हूँ झारखण्ड तथा बिरहोर–हिंदी–अंग्रेज़ी शब्दकोश के लेखक भी हैं, जिसे भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की भारतवाणी परियोजना के अंतर्गत मान्यता प्राप्त है। वे झारखण्ड सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय में प्रबंधक एवं परामर्शदाता के पदों पर भी कार्य कर चुके हैं।
Social Plugin