Ticker

6/recent/ticker-posts

अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस पर नेपाल की संस्था द्वारा खोरठा के युवा साहित्यकार डॉ. संदीप कुमार महतो को मातृभाषा रत्न सम्मान से सम्मानित


अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस पर नेपाल की संस्था द्वारा खोरठा के युवा साहित्यकार डॉ. संदीप कुमार महतो को मातृभाषा रत्न सम्मान से सम्मानित 

झारखंड, 21 फ़रवरी 2026
खोरठा जगत के युवा सुप्रसिद्ध साहित्यकार एवं शिक्षाविद् डॉ. संदीप कुमार महतो को नेपाल की राजधानी काठमांडू में मातृभाषा रत्न अंतर्राष्ट्रीय मानद उपाधि सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस के अवसर पर प्रदान किया गया।
यह गरिमामयी सम्मान नेपाल की प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था शब्द प्रतिभा बहुक्षेत्रीय सम्मान फाउंडेशन नेपाल द्वारा प्रदान किया गया। समारोह का उद्देश्य नेपाल-भारत मैत्री विकास, देवनागरी लिपि के संरक्षण एवं संवर्धन, हिंदी-नेपाली जैसी मैत्री भाषाओं के वैश्विक प्रचार-प्रसार के साथ-साथ देश-विदेश के कवि, लेखक, साहित्यकार एवं शिक्षकों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रोत्साहित करना रहा।
इस अवसर पर नेपाल, भारत सहित पाँच देशों की लगभग एक हजार साहित्यिक एवं शैक्षिक प्रतिभाओं को मातृभाषा रत्न मानद उपाधि तथा मातृभाषा गौरव सम्मान से अलंकृत किया गया। इसी क्रम में डॉ. संदीप कुमार महतो को उनके उल्लेखनीय साहित्यिक, शैक्षिक एवं सामाजिक योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र (सर्टिफिकेट) प्रदान कर सम्मानित किया गया। डॉ संदीप कुमार महतो  के साथ ही चार देश की एक हजार प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया है, जिसमें से 17 वर्ष की नव प्रतिभा से लेकर 86 वर्ष के अग्रजों का सम्मान किया गया है। 
डॉ. संदीप कुमार महतो झारखंड  खोरठा भाषा के चर्चित साहित्यकार एवं संपादक हैं। उनकी कई एकल कृतियाँ प्रकाशित हो चुकी हैं यथा - डोंगल चेठा, आजीक गाँव,  जाड़ेक रउद,  संपादक - खोरठा करम गीत आर कथा, जुरगुड़ा, नइजगा, कोरइया फूल तथा वर्तमान में वे एक साहित्यिक पत्रिका खोरठा दरपन डिजीटल का संपादन कर रहें हैं। महतो जी वे विभिन्न साहित्यिक एवं सामाजिक संस्थाओं से सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं और इससे पूर्व भी उन्हें अनेक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।
सम्मान अवसर पर संस्था के अध्यक्ष आनन्द गिरि मायालु ने बधाई देते हुए कहा कि शब्द प्रतिभा बहुक्षेत्रीय सम्मान फाउंडेशन का उद्देश्य प्रतिभाशाली रचनाकारों को प्रोत्साहित कर उनमें नव ऊर्जा का संचार करना है। उन्होंने कहा कि डॉ. संदीप कुमार महतो जैसे लोकप्रिय साहित्यकार एवं संवेदनशील कवि का अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होना अत्यंत गौरव का विषय है। उनका कविताएँ समाज को सकारात्मक दिशा और प्रेरक संदेश देती हैं।
डॉ. संदीप कुमार महतो के इस सम्मान की सूचना मिलते ही साहित्यिक जगत में हर्ष का वातावरण है। उनके शुभचिंतकों, मित्रों एवं साहित्यप्रेमियों ने उन्हें बधाइयाँ एवं शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं।